रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शुभम यादव (27 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 10, सोसायटी रोड बाराद्वार, थाना बाराद्वार जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय पीड़िता ने 7 मार्च 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से शुभम यादव से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी, लेकिन बाद में आरोपी द्वारा अश्लील संदेश भेजने और गाली-गलौज करने पर पीड़िता ने उससे संपर्क बंद कर दिया। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा।
पीड़िता के अनुसार 7 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे उसका पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था और वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और विरोध करने पर धक्का देकर छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने और पति को फोन करने की कोशिश पर आरोपी ने मारपीट की और वहां से फरार हो गया।
मामले में महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जूटमिल और पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई, जिसमें महिला थाना टीम की अहम भूमिका रही।


