Korba। जिले में मसाहती ग्रामों के भूमि सर्वे में लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर 1 राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में 113 मसाहती ग्रामों में चल रहे भूमि सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 8 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन और 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन पूरा हो चुका है, जबकि अन्य गांवों में सर्वे का कार्य जारी है।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को ग्रामवार खसरों का सत्यापन करने, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया समयसीमा में पूरी करने तथा राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ प्रति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मसाहती भूमि सर्वे की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर स्तर पर करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।


