रायगढ़। जिले के परसकोल में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-49 पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन से चर्चा की।
देर रात प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच सहमति बनी। मामले की मजिस्ट्रियल जांच, मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर पर शासकीय स्कूल में नौकरी और जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच रखने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हो गया।


