रायपुर। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल तक किया जाएगा। प्रतियोगिताएं रायपुर, सरगुजा और बस्तर के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित होंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं और राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार तथा खेल के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं और व्यवस्थाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
इस प्रतियोगिता में देश के करीब 30 राज्यों से लगभग 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन के तहत रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग और स्विमिंग, सरगुजा में कुश्ती तथा बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।


