नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष में 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा में होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलावों पर मुहर लग सकती है। बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, प्रांत प्रचारक का पद समाप्त कर राज्य प्रचारक का पद सृजित करने का प्रस्ताव है। साथ ही कमिश्नरी स्तर पर संभाग प्रचारक की नई जिम्मेदारी तय की जा सकती है, जो विभाग और राज्य स्तर के बीच की कड़ी होगी। संघ के कार्यक्षेत्रों को 11 से घटाकर 9 करने पर भी चर्चा संभव है।
बताया जा रहा है कि इन प्रस्तावों पर सर्वसम्मति बनने पर शताब्दी वर्ष में ही नई व्यवस्था लागू की जा सकती है। प्रचारकों की कमी को देखते हुए अन्य आनुषंगिक संगठनों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में भी नई जिम्मेदारियां तय होने की संभावना है।


