जम्मू-कश्मीर आस्था और श्रद्धा के प्रतीक श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में वर्ष 2026 की शुरुआत श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ हुई है। जनवरी और फरवरी के दौरान कुल 11 लाख 42 हजार 92 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई। यह आंकड़ा वर्ष 2025 की समान अवधि की तुलना में 1 लाख 94 हजार 63 अधिक है। पिछले वर्ष जनवरी-फरवरी में 9 लाख 48 हजार 29 यात्री भवन पहुंचे थे।
पिछले साल महाकुंभ के कारण यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही थी, लेकिन इस बार रुझान लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। फरवरी 2026 के आंकड़े इस वृद्धि को और स्पष्ट करते हैं। जहां फरवरी 2025 में 3 लाख 78 हजार 865 श्रद्धालु पहुंचे थे, वहीं फरवरी 2026 में यह संख्या बढ़कर 4 लाख 45 हजार 178 हो गई।
परीक्षाओं के बावजूद प्रतिदिन 14 से 18 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। 2 मार्च को दोपहर 2 बजे तक 11 हजार यात्रियों ने पंजीकरण कराया। अधिकारियों का अनुमान है कि परीक्षाएं समाप्त होने और होली के बाद यात्रा में और तेजी आएगी।
कटड़ा-भवन मार्ग पर मौसम साफ है, हालांकि दिन में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, केबल कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। अनेक श्रद्धालु गर्भजून गुफा के दर्शन के बाद भैरव घाटी में बाबा भैरवनाथ को नमन कर यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।
श्राइन बोर्ड, पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल और अन्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की है। कटड़ा बाजार में प्रसाद और खरीदारी से रौनक बढ़ गई है। बढ़ते आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि 2026 में यह यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।


