रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम जबलपुर में एक मकान में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम बरामद की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी उदयराम पटैल ने दिनांक 28 फरवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह मशरूम उत्पादन का कार्य करता है और 26 फरवरी को अपने परिवार के साथ बिलासपुर गया था। जब 28 फरवरी की रात लगभग 1 बजे घर लौटे, तो देखा कि पिछला दरवाजा खुला था और कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी गई वस्तुओं में सोने का हार, झुमका सेट, चांदी की अंगूठियां, पायल, चांदी की मूर्ति और 1,50,000 रुपये नगदी शामिल थे। प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 305(a), 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने सघन जांच और त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर सभी चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति अपराधों पर लगातार निगरानी और तेज़ कार्रवाई की जा रही है, ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह कार्रवाई जिले में पुलिस की तेज़ और प्रभावी अनुसंधान क्षमता का एक उदाहरण मानी जा रही है, जिसने घटना के 24 घंटे के भीतर परिणाम हासिल किया।


