गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने जिले की दो महत्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 5 करोड़ 67 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि से नागझर व्यपवर्तन और फुलझर जलाशय परियोजनाओं के सुधार व जीर्णोद्धार कार्य किए जाएंगे।
विकासखंड छुरा अंतर्गत नागझर व्यपवर्तन योजना के शीर्ष कार्यों की मरम्मत, मुख्य नहरों के रिमॉडलिंग और सीमेंट कांक्रीट लाइनिंग के लिए 2 करोड़ 86 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद 61 हेक्टेयर की रूपांकित सिंचाई क्षमता के मुकाबले वर्तमान में 46 हेक्टेयर की कमी की पूर्ति होगी और पूरे निर्धारित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इसी प्रकार विकासखंड मैनपुर की फुलझर जलाशय योजना के शीर्ष कार्य के जीर्णोद्धार, मुख्य व शाखा नहरों की मरम्मत तथा लाइनिंग के लिए 2 करोड़ 81 लाख 4 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। प्रस्तावित कार्य पूर्ण होने पर 158 हेक्टेयर के विरुद्ध 68 हेक्टेयर की कमी दूर होगी। साथ ही बचत जल से अतिरिक्त 10.99 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई संभव होगी, जिससे कुल 168.99 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
परियोजनाओं के पूर्ण होने से किसानों को बेहतर जल प्रबंधन और कृषि उत्पादन में वृद्धि का लाभ मिलने की उम्मीद है।


