रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थानाक्षेत्र में कलर्स मॉल के पास नकली गहने देकर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित प्राइवेटकर्मी महेश कानस्कर ने पुलिस को शिकायत दी, जिसमें बताया कि आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां ने उसे “खुदाई में मिले सोने के गहने” सस्ते में बेचने का झांसा देकर ढाई लाख रुपए ठग लिए।
महेश कानस्कर ने बताया कि 18 जनवरी को वह कलर्स मॉल स्थित एटीएम बूथ में पैसे निकालने गया था, तभी राजेश प्रजापति वहां आया और पैसे निकालने में समस्या होने का बहाना बनाकर बातचीत शुरू की। राजेश ने बहन की शादी के लिए अर्जेंट पैसे भेजने की बात कहते हुए नकली सोने-चांदी की ज्वैलरी दिखाकर महेश को खरीदने के लिए तैयार कर लिया।
कुछ दिन बाद जब महेश ने ज्वैलरी की जांच कराई तो वह नकली निकली। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली और 10 दिन बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और दोनों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।


