सीमा सुरक्षा बल Border Security Force (BSF) ने सुरक्षा में संभावित सेंध की आशंका के मद्देनजर बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएसएफ के ऑफिसर्स मेस से वाईफाई सुविधा हटाई जाएगी और स्मार्ट टीवी भी बंद किए जाएंगे। खुफिया इनपुट के आधार पर यह आशंका जताई गई है कि इंटरनेट आधारित डिवाइस और नेटवर्क सिस्टम साइबर जासूसी या डेटा लीक का माध्यम बन सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, संवेदनशील ठिकानों पर डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल को सीमित करने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है। अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्थाओं की मांग की है, ताकि आवश्यक संचार और आधिकारिक कार्य प्रभावित न हों। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मौजूदा दौर में साइबर खतरे पारंपरिक खतरों जितने ही गंभीर हैं, इसलिए संवेदनशील संस्थानों में अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।



