जम्मू-कश्मीर के डोलगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया इनपुट मिला था कि जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आतंकी पिछले करीब एक हफ्ते से इलाके में छिपे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान आतंकियों ने फायरिंग कर दी और मुठभेड़ शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त जवानों को मौके पर तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही सीमित कर दी गई है। माना जा रहा है कि घिरे हुए आतंकी जैश संगठन से जुड़े हैं और किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे।
read also: CG Dhan Kharidi News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का आज आखिरी दिन, टोकनधारी किसान ही बेच सकेंगे उपज
फिलहाल ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल आतंकियों को ढेर करने के लिए रणनीतिक तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मुठभेड़ खत्म होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। जम्मू-कश्मीर में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों की सतर्कता लगातार बनी हुई है।


