जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों का ‘ऑपरेशन त्राशी’ चौथे दिन भी लगातार जारी है। दुर्गम और जंगली इलाकों में छिपे आतंकियों की तलाश के लिए सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। सुरक्षा कारणों से इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
रात के समय ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षा बलों ने इल्यूमिनेशन राउंड दागे, जिससे पूरे इलाके में रोशनी की जा सके और किसी भी तरह की घुसपैठ या मूवमेंट पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। सूत्रों के अनुसार, आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन बेहद सतर्कता के साथ चलाया जा रहा है और हर संभावित ठिकाने की गहन तलाशी ली जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक पूरे इलाके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता। स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा बलों को देने को कहा गया है। फिलहाल स्थिति पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर बनी हुई है।


