दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और घने कोहरे ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आज सुबह से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। खराब एयर क्वालिटी के चलते सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और ठंडी हवाओं की कमी के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो गए हैं, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।घने कोहरे और स्मॉग का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। कई जगहों पर दृश्यता घटने से वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से चलना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह-शाम की सैर से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें और घर के अंदर रहने की कोशिश करें। वहीं, प्रशासन ने निर्माण गतिविधियों पर नजर रखने और प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने की बात कही है।
read also: ऊर्जा दक्षता में आंध्र प्रदेश की बड़ी उपलब्धि, लगातार चौथे वर्ष ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार से सम्मानित
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हवा की गति में सुधार होने पर प्रदूषण और धुंध से कुछ राहत मिलने की संभावना है, लेकिन फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को खराब हवा और कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।


