नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए जोरदार धमाके से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। विस्फोट के बाद आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में आ गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास हुआ। पहले यह आशंका जताई गई कि विस्फोट एक खड़ी कार में हुआ, लेकिन बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार चल रही थी।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
एनएसजी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है।


