छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक बार फिर नक्सली हमले की खबर आई है। शनिवार को यहां IED ब्लास्ट हुआ, जिसमें CRPF का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी कैम्प में लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल को इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों के इनपुट मिले थे, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन पर निकली टीम इस धमाके की चपेट में आ गई। यह घटना सुकमा के चिंतलनार क्षेत्र के जंगलों में हुई बताई जा रही है।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने जंगल के अंदर सड़क किनारे IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाया था। जैसे ही जवानों की टीम वहां पहुंची, धमाका हो गया। हादसे के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
बता दें कि सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले लंबे समय से नक्सल प्रभावित इलाकों में शामिल हैं। सुरक्षा बल लगातार इन क्षेत्रों में एंटी-नक्सल ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि नक्सल नेटवर्क को कमजोर किया जा सके।


