कोरबा, 11 सितंबर 2026। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा सप्ताह में 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की लंबित मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। बैंककर्मियों की मांग है कि पूर्व में बनी सहमति एवं किए गए आश्वासन के अनुरूप बैंकिंग क्षेत्र में भी सप्ताह में पाँच कार्य दिवस की व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए।
बैंककर्मियों का कहना है कि वर्तमान समय में बैंकिंग सेवाओं का बड़ा हिस्सा डिजिटल माध्यम से 24×7 उपलब्ध है। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम तथा अन्य डिजिटल सेवाओं के कारण ग्राहकों को अनेक आवश्यक बैंकिंग सुविधाएँ शाखा के कार्य दिवसों से स्वतंत्र रूप से उपलब्ध हैं। इसके बावजूद बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी लंबे समय से 5-दिवसीय बैंकिंग की मांग के क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
आंदोलनरत बैंककर्मियों ने कहा कि जब भारतीय रिज़र्व बैंक सहित अनेक वित्तीय एवं सरकारी संस्थानों में पाँच कार्य दिवस की व्यवस्था लागू है, तब बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए भी समान व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। पाँच-दिवसीय बैंकिंग से कार्य एवं व्यक्तिगत जीवन में बेहतर संतुलन के साथ कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रमुख मांग
सप्ताह में पाँच कार्य दिवस लागू किए जाएँ तथा शनिवार एवं रविवार को बैंक अवकाश घोषित किया जाए।
बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एकजुट होकर कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित है और इसके शीघ्र समाधान के लिए सरकार एवं संबंधित प्राधिकरणों को ठोस निर्णय लेना चाहिए।
आंदोलन के दौरान “5 Days Banking हमारा हक है”, “कर्मचारी-अधिकारी एकता जिंदाबाद”, “UFBU जिंदाबाद” तथा “आवाज़ दो—हम एक हैं” जैसे नारों के माध्यम से एकजुटता प्रदर्शित की गई।



