मुंबई। हीरा कारोबार से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोलिटेरियो लैब ग्रोन प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टर रिकी वासंदानी सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश रचकर एक कारोबारी से करीब 34.75 करोड़ रुपये मूल्य के लैब-ग्रोन डायमंड्स हड़प लिए।
शिकायत क्यूपिड डायमंड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर निमेष पीयूष मेहता ने दर्ज कराई है। उनके अनुसार आरोपी ने अपनी कंपनी में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर ‘शेयर सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट’ कराया और भरोसे में लेकर बड़ी मात्रा में हीरे ले लिए।
भुगतान के समय आरोपियों ने पोस्ट डेटेड चेक दिए, लेकिन बाद में बैंक को स्टॉप पेमेंट के निर्देश दे दिए। कुछ चेक जानबूझकर गलत हस्ताक्षर के साथ जारी किए गए, जिससे वे बाउंस हो गए। पुलिस के अनुसार फर्जी दस्तावेज, लोगो और स्टैंप का भी इस्तेमाल किया गया। फिलहाल EOW पूरे मामले की जांच कर रही है।


