बिलासपुर, 13 अप्रैल 2026। अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर जनपद पंचायतों के सीईओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
निर्देशानुसार ग्राम सभाओं में पूर्व प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा, पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी। साथ ही कर वसूली, ऑनलाइन प्रणाली के उपयोग और बकाया राशि की समीक्षा पर भी जोर दिया जाएगा।
ग्राम सभाओं में आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, अवैध नामांतरण एवं बंटवारे के मामलों पर भी विचार किया जाएगा। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा होगी।
इसके अलावा खाद्यान्न वितरण, जन्म-मृत्यु पंजीयन, ग्राम संपत्तियों का प्रबंधन तथा पेसा नियम 2022 और टीबी मुक्त भारत अभियान पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। प्रशासन ने अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


