कांकेर: कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत डिप्टी कलेक्टर टीकाराम देवांगन को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर से जिला कार्यालय कांकेर स्थानांतरित किया गया है। वहीं उनकी जगह मनीष देव साहू, जो वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर एवं नजूल अधिकारी कांकेर हैं, को पखांजूर का नया एसडीएम बनाया गया है।
इसी के साथ छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने सुशासन तिहार और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को देखते हुए अवकाश संबंधी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी शासकीय सेवक सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बिना अवकाश पर नहीं जाएगा। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर इसे स्वैच्छिक अनुपस्थिति मानते हुए सेवा नियमों के तहत ‘ब्रेक इन सर्विस’ माना जा सकता है।
सरकार ने निर्देश दिया है कि आकस्मिक अवकाश की स्थिति में भी अधिकारी-कर्मचारी को दूरभाष या डिजिटल माध्यम से सूचना देना अनिवार्य होगा और कार्यालय लौटने पर इसकी लिखित पुष्टि करनी होगी। वहीं, लंबे अवकाश पर जाने से पहले संबंधित कर्मचारी को अपने कार्यों का प्रभार विधिवत अन्य अधिकारी या कर्मचारी को सौंपना जरूरी होगा।
राज्य शासन ने इस संबंध में सभी विभागों, राजस्व मंडल, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।


